हरियाणा के जिले कैथल शहर में बैंकों के बाहर से अपराधिक घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। चीका में बैंक से पांच लाख रुपये की चोरी की वारदात का सुराग अबतक लगा भी नहीं है कि वीरवार को बैंक में पैसे जमा करवाने गए युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर 40 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है।
पीड़ित युवक को कैथल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस को मामले की सूचना मिल गई है। लेकिन अभी इस संबंध में केस दर्ज नहीं हो पाया है।
गांधी नगर निवासी एक व्यक्ति गांधी मार्केट में ही एक दुकान पर नौकरी करता है। वह वीरवार को बैंक में 40 हजार रुपये जमा करवाने के लिए गया था। यहां अज्ञात व्यक्तियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
इस कारण वह बेहोश हो गया। अज्ञात व्यक्ति उसके पास से 40 हजार रुपये की राशि लेकर फरार हो गया। बाद में उसे किसी तरह अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शुक्रवार को होश में आने के बाद उसने घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
थाना शहर प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस युवक के बयान के अनुसार मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा।
शहर में बढ़ी वारदात
शहर में लगातार बढ़ रही बैंकों के अंदर एवं बाहर चोरी की वारदातों को लेकर लोगों में दहशत फैलती जा रही है। बुधवार को ही चीका में एक बैंक से एक युवक 5 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गया था।
इससे पूर्व कैथल में इसी महीने एसबीआई बैंक से भी 5 लाख रुपये की राशि चोरी किए जाने, बैंक से सरपंच की ओर से निकाली गई 50 हजार रूपये की राशि गंदगी फेंकते हुए चोरी किए जाने, चीका में ही किसान की ओर से बैंक से निकलवाई गई 18 हजार रुपये की राशि चोरी किए जाने की घटनाएं हो चुकी हैं।
इनमें चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटनाओं की एक जैसी प्रकृति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि शहर में इस तरह का एक गिरोह सक्रिय है।
इसे पकड़ने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। इसके साथ-साथ इन घटनाओं के चलते बैंकों के बाहर एवं अंदर उत्तम क्वालिटी के कैमरे लगाए जाने बेहद जरूरी हो गए हैं।