सांसद डॉ. अशोक तंवर पर शहर के वार्ड नंबर दो प्रेमनगर और चतरगढ़पट्टी के लोगों ने गाली देकर कोठी से भगाने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सोमवार को वे सड़क निर्माण की मांग को लेकर सांसद से मिलने उनकी कोठी पर गए थे।
बाद में लोगों ने नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कहा कि अगर सांसद के खिलाफ मामला दर्ज न किया गया तो यातायात जाम किया जाएगा। उधर सांसद ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सब विपक्ष से जुडे़ लोगों की साजिश है। वे विकास के पक्षधर हैं और कालोनी के हितों व विकास को लेकर हरसंभव कदम उठाएंगे। यह मामला उनकी छवि को धूमिल करने का है।
शहर के वार्ड नंबर दो प्रेमनगर और चतरगढ़पट्टी निवासी ओमप्रकाश, भूप सिंह सुथार, कृष्ण मेहता, मुरलीधर कटारिया, जिले सिंह, कृष्ण शर्मा, जगदीश यादव और दिनेश शर्मा आदि ने बताया कि वे सोमवार को 11 बजे सांसद डॉ. अशोक तंवर से मिलने उनकी कोठी पर गए थे।
उन लोगों ने बाटा कालेानी की ओर जानेवाली रोड को बनवाने की मांग की तो सांसद ने साफ कह दिया कि अवैध कालोनी में ऐसा कुछ नहीं करवाया जा सकता। उन्होंने बताया कि जब सांसद से कहा कि सरकारी की ओर से पहले ही अनेक सुविधाएं प्रदान की गई तो अवैध कालेानी कैसे कहा जा सकता है। उनका आरोप है कि इस पर सांसद ने उन्हें पारिवारिक शब्दावली में गालियां दी और कोठी से यह कहकर बाहर निकाल दिया कि उनके वोट की उन्हें जरूरत नहीं हैं।
सांसद के खिलाफ की नारेबाजी
बाद में ये सभी लोग नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं इनेलो नेता लीलाधर सैनी के कार्यालय में पहुंचे और सांसद द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के बारे में जानकारी दी। उन लोगों ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि अगर सांसद के खिलाफ मामला दर्ज न किया गया तो बैठक कर यातायात जाम किया जाएगा।
लीलाधर सैनी ने कहा कि कालोनी में पहले से विकास कार्य जारी हैं पर कुछ प्रभावशाली लोगों ने उसे रुकवा दिया था। उन्होंने कहा कि सांसद को इस प्रकार का व्यवहार नहीं करना चाहिए था।
मेरी छवि धूमिल करने का प्रयास : सांसद
सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि वार्ड नंबर दो के कुछ लोग सुबह उनसे गली निर्माण के संदर्भ में मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर में दो में आने वाला शक्ति नगर अनाधिकृत कालोनी है फिर भी सरकार की ओर से कॉमन कंपाउंडिंग पॉलिसी लागू कर ऐसी कालोनियों में विकास कार्य करवाए गए हैं। इसके अंतर्गत शक्ति नगर और चत्तरगढ़ पट्टी में सीवर लाइन भी डलवाई गई है।
उन्होंने कहा कि वे सकारात्मक और विकासपरक राजनीति के पक्षधर हैं और चाहते हैं कि सभी कालोनियों का विकास हो। सांसद ने कहा कि गली निर्माण के संदर्भ में उनसे मिलने आए लोगों की बात सुनने के बाद उन्होंने इस बारे में उपायुक्त को फोन भी किया और बाद में उन्होंने कालोनी के लोगों को उपायुक्त से मिलने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि इन लोगों में से कुछ लोग विपक्ष से जुड़े हुए थे और उन्होंने एक तरीके से पूरी साजिश के तहत यह पूरा मामला रचा और उपायुक्त के पास जाने की बजाए बाद में विपक्ष के एक नेता के पास चले गए। उन्होंने इस पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह सब मामला उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास है।