हरियाणा के जिला भिवानी में अपनी मौसी के शिकंजे से इज्जत बचाकर भाग रही पश्चिम बंगाल की युवती से लिफ्ट देने वाले ने भी छेड़छाड़ करनी चाही तो वह मोटरसाइकिल से कूद पड़ी।
पुलिस ने युवती को सेफ हाउस भेज दिया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मौसी और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पश्चिम बंगाल की युवती ने आरोप लगाया कि उसकी मौसी उसे भिवानी में किसी के साथ बेचने का प्रयास कर रही थी। इसी बीच मौका मिलते ही युवती भाग निकली।
उसने रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक युवक से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट मांगी। युवती ने अपनी आपबीती युवक को बताई।
कुछ दूर जाने के बाद युवक ने उससे छेड़छाड़ करने लगा। इससे घबराकर युवती मोटरसाइकिल से कूद पड़ी। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया है।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी मौसी उसे बेचना चाहती है, इसलिए वह भाग निकली थी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर महिला और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज उनके ठिकाने पर छापा मारा, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे।
जैन चौकी पुलिस चौकी इंचार्ज रामकिशन ने बताया कि युवती की शिकायत पर महिला और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती को नारनौल स्थित सेफ हाउस भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।