कर्मचारियों की मांगें पूरी करने को लेकर आज सर्व कर्मचारी संघ और सरकार के बीच बातचीत हुई। कर्मचारियों का पक्ष सुनने के बाद सरकार ने उन्हें राहत देने का आश्वासन दिया और तीन कमेटियां बनाने की घोषणा की।
एक कमेटी कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी रिपोर्ट तैयार करके सरकार को सौंपेगी। दूसरी कमेटी वेतन विसंगतियों की रिपोर्ट तैयार करेगी, जबकि तीसरी कमेटी श्रम कानूनों को लागू करने संबंधी रिपोर्ट तैयार करेगी।
अगली मीटिंग 15 फरवरी को होगी। साथ ही सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमे वापिस लेने और गिरफ्तार कर्मचारियों को रिहा करने की भी बात कही।
गौरतलब है कि हरियाणा परिवहन विभाग और सर्व कर्मचारी संघ ने गत 21 जनवरी को 72 घंटे की हड़ताल करने का ऐलान किया था।
22 जनवरी को परिवहन विभाग ने तो अपनी हड़ताल वापिस ले ली थी, लेकिन सर्व कर्मचारी संघ ने इसे जारी रखा था। हालांकि बीते दिन हड़ताल खत्म हो गई, लेकिन इन तीन दिनों में पूरे राज्य की व्यवस्था चरमरा गई थी।