हरियाणा के गांव रामूपुरा में ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगाने के बाद कमरे को बाहर से बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को गांव रामूपुरा निवासी अन्नू को उसके पति और ससुरालियों ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की बड़ी बहन और जेठानी को जब इस घटना का पता चला तो उन्होंने दरवाजा खोला लेकिन तब अन्नू की मौत हो चुकी थी।
बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में मीनू देवी ने बताया कि उसकी छोटी बहन अन्नू की शादी आठ माह पहले उसके देवर कर्मपाल उर्फ बिंटू के साथ हुई थी। उनका मायका जीतू वाला जोहड़ क्षेत्र है। उसके पिता का स्वर्गवास हो चुका है और उसका कोई भाई नहीं है। उसके सास-ससुर और देवर उसकी बहन सहित अलग रहते हैं। विवाह के बाद दहेज की मांग की जा रही थी।
मीनू ने बताया कि ससुर प्रकाश, सास औमबाई, देवर कर्मपाल उर्फ बिंटू उसकी बहन को कमरे में ले गए और उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। कमरे को बाहर से बंद कर दिया।
उसको पता चलते ही उसने चिल्लाना शुरू किया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए और दरवाजा खोला गया। जब तक लोग उसे बचाने के लिए पहुंचते तब तक उसकी बहन दम तोड़ चुकी थी।
थाना प्रभारी देवेंद्र नैन ने बताया कि उन्हें सरपंच रामूपुरा से सूचना मिली तो वे अपने दल-बल सहित मौके पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक विवाहिता की बहन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।