हरियाणा के गांव राता कलां में शुक्रवार शाम खेत पर पानी लगा रहे एक बीस वर्षीय युवक की करेंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव निहालावास निवासी हरलाल गांव राता कलां में बलवंत का ट्यूबवेल बटाई पर ले रखा है। बारिश न होने के कारण हरलाल का बीस वर्षीय पुत्र नीरज शुक्रवार शाम खेत पर ट्यूबवेल से पानी लगा रहा था।
इस दौरान पाइप बदलते समय नीरज के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। वहां से गुजर रहे बिट्टू पंच ने नीरज को करेंट की चपेट में आए देख बिजली सप्लाई बंद करवाई और ग्रामीणों की मदद से उसे अटेली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नारनौल रेफर कर दिया।
करीब आधे घंटे तक उपचार लेने के बाद नीरज ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि नीरज बीए फाइनल वर्ष का छात्र था और अविवाहित था। वह खेत पर पानी लगा रहा था कि यह हादसा हो गया।