नारनौल। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिला रेडक्रॉस समिति की ओर से विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी महाविद्यालयों में आने वाले युवक व युवतियों को फर्स्ट एड होम नर्सिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए शिक्षण संस्थानों में ही भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी सैंट जॉन एंबुलेंस इंडिया के जिला शाखा अधिकारी चार दिवसीय प्रोफेशनल ट्रेनिंग देने के साथ-साथ उन्हें डिजास्टर की भी जानकारी देंगे। ट्रेनिंग के लिए प्रथम चरण में 20 सरकारी व गैर सरकारी महाविद्यालय को शामिल किया है।
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस समिति के प्रधान श्यामलाल पूनिया ने बताया कि हरियाणा राज्य में जिला रेडक्रॉस सोसायटी महेंद्रगढ़ पहली ऐसी ब्रांच होगी जो महाविद्यालय में युवाओं को प्रोफेशनल ट्रेनिंग देकर उन्हें 2 वर्ष के अंदर-अंदर आत्मनिर्भर बनाएगी। उन्होंने बताया कि वह युवा फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग करके एक और जहां किसी भी परिवहन विभाग में परिचालक के पद के लिए आवेदन कर सकते हैं वहीं दूसरी ओर फर्स्ट एड के लेक्चरर बनकर हरियाणा व उसके बाहर फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर की ओर बढ़ सकते हैं। पुनिया ने बताया कि 18 वर्ष की उम्र से अधिक के युवक व युवतियां प्रोफेशनल फर्स्ट होम नर्सिंग की ट्रेनिंग करना चाहते हैं, वह अपने बायोडाटा रेडक्रॉस की मेल आईडी रेडक्रॉस डॉट एनएनएल एट जीमेल डॉट कॉम पर भेज सकते हैं। उन्होंने बताया कि एक युवक विद्यालय में 5 साल से अधिक समय से अध्ययन कर रहा है, रेडक्रॉस समिति ऐसे युवाओं को प्रोफेशनल फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग कराकर प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन सभी युवाओं को फर्स्ट ऐड की ट्रेनिंग देने के साथ सड़क सुरक्षा के बारे में भी बताया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के इच्छुक युवक व युवती अपना बायोडाटा रेडक्रास सोसायटी की मेल आईडी अथवा रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर के मोबाइल नंबर 8571856900 पर व्हाट्सएप भी कर सकते हैं।