फोटो नंबर-05जोरासी स्कूल में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत-संस्था
नारनौल। एससीईआरटी गुरुग्राम के निर्देशन एवं डाइट महेंद्रगढ़ के तत्वावधान में जिले में सोमवार से युवा संसद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। इसी कड़ी में नारनौल के ब्लाॅक की प्रथम युवा संसद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जोरासी में आयोजित की गई।
पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि नारनौल खंड में जोरासी स्कूल से युवा संसद प्रतियोगिता 2025 के आयोजन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य सुमेर सिंह ने किया। पर्यवेक्षक के रूप में राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा, डाइट प्रवक्ता जितेंद्र कुमार बोहरा और स्टेट अवार्डी प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र भारद्वाज उपस्थित रहे।
संयोजन विद्यालय की राजनीति विज्ञान प्रवक्ता सरला कुमारी ने किया। विंग हेड डॉ. नरेश गुप्ता के निर्देशन में जिलेभर में यूथ पार्लियामेंट का कार्यक्रम पूरे सप्ताह चलेगा।
पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र के महत्व और उसमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका के विषय में बताने में मदद मिलती है और यह प्रेरणादायक कार्यक्रम है। पर्यवेक्षक के रूप में बोलते हुए डॉ. जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र की कामयाबी इसी में है कि विद्यालय स्तर पर ही लोकतंत्र के महत्व और बारीकियों से बच्चों को परिचित कराया जाए।
युवा संसद में वंश, अंजली के अलावा बच्चों ने पक्ष और विपक्ष के सांसदों की भूमिका निभाई और पूरी कार्यवाही वास्तविक संसद की तरह संपन्न की। मौके पर संजय शर्मा, अरुण कुमार, प्रवक्ता सरला, डॉ. मनीषा, प्रवक्ता पुष्पा कुमारी, सुरेश कुमार, मंजू देवी, सुमन, दिनेश कुमार मौजूद रहे।