बेरी। जहाजगढ़-छुछकवास मार्ग पर ड्रेन नंबर-8 के पास वीरवार सुबह हुए सड़क हादसे में कार सवार पिता की मौत हो गई जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा निजी बस और मारुति ब्रेजा कार के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। हादसे की सूचना मिलने के बाद छुछकवास चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ के कनीना स्थित गांव मालडाबास निवासी उपेंद्र अपनी बेटी अनिशा को मारुति ब्रेजा कार में लेकर रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में छोड़ने के लिए जा रहा था।
एमडीयू में बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं बेटी
वह एमडीयू में बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं। वीरवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे जब वह छुछकवास चौक से आगे ड्रेन नंबर-8 के पास पहुंचे तो सामने से झज्जर बस अड्डे से दादरी के लिए आ रही निजी बस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को सीधी टक्कर मार दी।
दो बच्चोें को पिता थे उपेंद्र
हादसे में घायल पिता-पुत्री को उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक उपेंद्र छत्तीसगढ़ में कारोबार करते थे। मृतक के एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया।
जहाजगढ़-छुछकवास मार्ग पर ड्रेन नंबर-8 के पास निजी बस व ब्रेजा कार की टक्कर होने की सूचना मिली थी। परिजनों के बयान पर बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई हैं। झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
राजीव, जांच अधिकारी