नारनौल। हरियाणा राजस्थान की सीमा के पास रविवार देर शाम को सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल का जयपुर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बहरोड़ शहर निवासी रोहित (25) को नारनौल के समीपवर्ती गांव सेका में अपने दोस्त के यहां किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आना था। इसी के चलते वह रविवार को चचेरे भाई सोहन (24) को भी बाइक पर साथ गांव सेका ले आया। यहां पर कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद शाम करीब 7 बजे दोनों अपने घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में राजस्थान हरियाणा की सीमा से करीब एक किलोमीटर आगे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने रोहित को मृत घोषित कर दिया और सोहन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। परिजन सोहन को जयपुर के निम्स अस्पताल में ले गए। जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों भाई राजस्थान यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे थे।