चालक प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को राज्य परिवहन विभाग द्वारा बनाए गए सख्त नियमों के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 35 दिनों तक चलने वाले प्रशिक्षण के दौरान एक अनुपस्थिति पर 1770 रुपये जुर्माना राशि तय की गई है। प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले युवाओं की मांग है कि प्रशिक्षण के दौरान विभाग द्वारा तय जुर्माने की शर्त को हटाया जाए। चालक प्रशिक्षण स्कूल महेंद्रगढ़ में 1374वां बैच 25 अप्रैल से आरंभ होगा। सुबह व शाम तक होने वाले दो सत्रों में 140-140 युवकों को बस चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 35 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में राज्य परिवहन विभाग द्वारा बनाए गए सख्त नियमों के कारण युवकों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। वहीं महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर बसों के अभाव के चलते 1700 युवक वेटिंग में हैं। इन युवाओं को प्रशिक्षण के लिए छह माह से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ेेगा।
प्रथम बैच में पंजीकरण संख्या 17901 से 18300 तक मिलेगा प्रशिक्षण
25 अप्रैल से शुरू होने वाले प्रथम बैच में जिला के 280 युवाओं को सुबह व शाम दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक युवा को आठ घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसमें बस संचालन से लेकर रखरखाव व आपात स्थिति होने पर बचाव सहित यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
बसों का अभाव बना परेशानी
इस समय महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर चलने वाले चालक प्रशिक्षण स्कूल के जिम्मेदारों के पास महज सात बसें उपलब्ध हैं। इसके कारण वेटिंग भी छह माह लंबी चलती है। इंतजार कर थक चुके जिला के युवाओं को ट्रेनिंग पूूरी करने के लिए अन्य जिलों का सहारा भी लेना पड़ रहा है।
एक अनुपस्थिति पर है 1770 रुपये जुर्माना
चालक प्रशिक्षण के लिए आने वाले युवा 35 दिनों तक चलने वाली इस प्रशिक्षण प्रक्रिया में किसी कारण से एक भी दिन अनुपस्थिति रही तो जुर्माने के रूप में उसे 1770 रुपये चुकाने पड़ेंगे। अधिक अनुपस्थिति पर जुर्माना राशि भी बढ़ती रहेगी। आवश्यक कार्य होने पर भी युवा अवकाश नहीं ले सकते।
प्रशिक्षण स्कूल में बसों की संख्या बढ़वाने की बार-बार उठाई है मांग
समाजसेवी रामनिवास पाटोदा ने बताया कि ट्रेनिंग स्कूल में बसों के अभाव के चलते युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वेटिंग सूची भी छह माह से अधिक चलती है। क्षेत्र में बेरोजगारी का आलम है। सामाजिक संगठनों द्वारा परिवहन मंत्री व स्थानीय प्रशासन तक बार-बार गुहार लगाई है लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
मार्च से अक्तूबर तक डबल बैच चलते हैं जिससे युवाओं की अधिक वेटिंग भी नहीं रहती। लेकिन अक्तूबर माह के बाद सिंगल बैच होने पर वेटिंग भी ज्यों की त्यों बन रहती है। 25 अप्रैल से डबल बैच शुरू हो जाएगा। पंजीकृत युवा तय समय पर पहुंचकर प्रशिक्षण शुरू कर सकते हैं।
-संजय कुमार, चालक प्रशिक्षण इंचार्ज।