संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। निजामपुर क्षेत्र के गांव सादा की ढाणी में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैंपर गाड़ी में आए कुछ लोगों ने बाइक रुकवाकर युवक को लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पीट दिया जिससे उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धीरज निवासी गांव अमाई थाना कोटपुतली (राजस्थान) ने बताया कि वह 3 अप्रैल को अपने मामा कृष्ण के साथ मोटरसाइकिल पर सादा की ढाणी जा रहा था। जैसे ही वे ढाणी के प्रवेश द्वार के पास पहुंचे तभी एक सफेद कैंपर गाड़ी ने उनकी बाइक के आगे आकर रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि गाड़ी से भूप सिंह, देवेंद्र, राम सिंह, कृष्ण कुमार, मनोज उर्फ मन्ना, हंसराज उर्फ गिलिया और प्रदीप सहित अन्य लोग लोहे की रॉड और डंडे लेकर नीचे उतरे और दोनों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान धीरज का मामा मौके से बचकर निकल गया जबकि आरोपियों ने धीरज को पकड़कर उसके हाथ-पैरों पर वार किए और बाइक तोड़ दी।
हमले के बाद आरोपी जाते समय युवक को दोबारा ढाणी में आने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल धीरज को परिजन इलाज के लिए श्री श्याम अस्पताल कोटपुतली लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की।