कनीना। धनौंदा स्थित कृष्णानंद धाम में चल रहे पांच दिवसीय गायत्री महा अनुष्ठान के दूसरे दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति डालकर सुख-शांति और लोककल्याण की कामना की। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर ब्रह्मचारी कृष्णानंद महाराज रामबास ने कहा कि यज्ञ हमें मिल-जुलकर जीवन जीने और एक-दूसरे के सहयोग की सीख देता है। उन्होंने समझाया कि यज्ञ में अलग-अलग सामग्री का महत्व सीमित होता है, लेकिन जब सभी सामग्री मिलकर अग्नि में समर्पित होती है तो उसका महत्व बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ने भी विभिन्न अवसरों पर यज्ञ के माध्यम से परमात्मा की आराधना की। धार्मिक आयोजनों में भाग लेने से मनुष्य को अच्छे कर्म करने की प्रेरणा मिलती है और वह बुराइयों से दूर होकर सही रास्ते पर आगे बढ़ता है।
महाराज ने कहा कि गायत्री महा अनुष्ठान में शामिल होना श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य की बात है। आश्रम, मंदिर और गुरुद्वारे समाज के सामूहिक सहयोग से ही चलते हैं। इनके विकास के लिए सभी लोगों को सेवा और सहयोग की भावना से आगे आना चाहिए।
इस मौके पर आचार्य मखनलाल शास्त्री, विजय कुमार आर्य, नरेंद्र शास्त्री, ठाकुर कर्मवीर सिंह, घनश्याम शास्त्री, रिंकू शर्मा, योगेश कुमार, सत्येंद्र यादव रेवाड़ी और राहुल तंवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।