फोटो संख्या:51- बिजली निगम की ओर से भगवान परशुराम चौक पर बिजली पोल को हटाते कर्मचारी--संवाद
महेंद्रगढ़। बिजली निगम की ओर से 11 हट्टा बाजार, मसानी चौक से कॉलेज रोड तक सड़क पर लगे बिजली के पुराने पोलों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। पहले दिन यानि शुक्रवार को आठ पोल हटाए गए हैं। वहीं नए पोल लगाए जा रहे हैं। इस कार्य पर 55 लाख रुपये खर्च होंगे।
नगर पालिका की ओर से मई 2025 में 2.60 करोड़ रुपये की लागत से मसानी चौक से कॉलेज रोड तक 1800 मीटर सड़क मार्ग का निर्माण करवाया गया था। सड़के के दोनों तरफ नालियाें का निर्माण व पोल शिफ्टिंग का कार्य होना था।
पोल शिफ्टिंग के लिए 55 लाख रुपये बिजली निगम के खाते में डाल दिए गए थे लेकिन बीच सड़क से पुराने पोलों को नहीं हटाया गया। इस कारण आवागमन बाधित हो रहा था। पुराने पोल दुकानों से पांच से छह फीट दूरी पर सड़क पर लगे हैं। इससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की ओर से समस्या को लेकर शिकायत की जा रही थी। सड़क पर खड़े पोलों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका थी। अब पोलों के हटाने के बाद सड़क ओर चौड़ी हो जाएगी। इससे आमजन को फायदा होगा।
-
वर्जन
बिजली निगम की ओर से 11 हट्टा बाजार से कॉलेज रोड तक पोल हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले दिन आठ पोल को हटाया जा चुका है। एक सप्ताह में सभी पोलों को हटाने का लक्ष्य रखा गया है। 55 लाख रुपये की लागत से 53 नए पोल लगाए जाने का काम भी जारी है।
- सुनील कुमार, एसडीओ, बिजली निगम कार्यालय