नारनौल। मोहल्ला चांदूवाडा में सखी सहेली परिवार की ओर से फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के मुख्य यजमान एडवोकेट आशुतोष शुक्ला व अंजली शुक्ला रहीं।
कार्यक्रम में सखी सहेली परिवार की सभी सखियों के साथ शहर की अनेक महिलाएं कार्यक्रम में मौजूद रहीं। महिलाओं ने गणेश वंदना के पश्चात लड्डू गोपाल की पूजा अर्चना कर फाग महोत्सव का आगाज किया। उन्होंने फाल्गुन के गीत गाकर भगवान लड्डू गोपाल संग राधा रानी व गोपियों को रिझाया। सखी सहेली परिवार की वरिष्ठ सदस्या पुष्पा शुक्ला ने सभी महिलाओं को फाग उत्सव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि फाल्गुन माह के आरंभ के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण गोपियों संग रासलीला रचाते थे। पूरे माह प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्र की गोपियों संग फूलों की, पानी की, अबीर गुलाल की, कोड़े मार और कभी लट्ठ मार होली खेल कर रासलीला का आनंद लेते थे। कानुडो रंग डाल गयो, रंग मत डारे रे, माने कोनी, जसोदा, म्हारी चुनड़ कर दी लाल जैसे अनेक फाग गीतों के साथ महिलाओं ने एक दूसरे को तिलक लगाकर एक दूसरे पर फूल डाल फूलों की होली खेली। इस अवसर पर महक, अंजली, सारिका गर्ग, सरिता, श्वेता, आरती, तरुणा, नीलम, अंजली अरोड़ा, किरण, नीरू संघी, नेहा, मोनिका शर्मा, विजया ओझा, कुसुम, मंजू, अर्चना बोहरा आदि मौजूद रहीं।