नारनौल। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम और जल चौपाल का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता भांखरी की सरपंच शारदा देवी ने की।
विभाग के खंड संसाधन संयोजक इंद्रजीत ने बताया कि जल संरक्षण में महिलाओं का काफी अहम योगदान है क्योंकि घरेलू कार्यों से संबंधित कार्यों में महिलाओं द्वारा जल का प्रयोग किया जाता है। इसलिए महिलाओं द्वारा अपने व्यवहार में जल संरक्षण को शामिल करते हुए अपने बच्चों को भी प्रेरणा देनी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रहे। इसके अतिरिक्त ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के अधिकार एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जल जीवन मिशन के तहत सभी को स्वच्छ पेयजल का अधिकार और जल उपलब्धता की समस्या के साथ साथ इसकी गुणवत्ता को बनाए रखना भी एक चुनौती बन गई है। कुछ लोग की नासमझी के कारण पेयजल कनेक्शन नालियों के अंदर होते हैं और कुछ पेयजल कनेक्शन पर टोंटी भी नहीं लगाते जो की जल की बर्बादी के साथ ही पेयजल दूषित होने का कारण बनता है। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संकल्प लिया।