महेंद्रगढ़। गांव उन्हाणी में आठ एकड़ भूमि पर महिला कॉलेज बनाया जाएगा। प्रस्तावित महिला कॉलेज की ऑन लाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई। उन्हाणी गांव कॉलेज के लिए आठ एकड़ पंचायती भूमि सरकार के नाम करवा चुका है। 12 करोड़ रुपये का अस्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। कॉलेज में साइंस लैब, व्यायामशाला, पुस्तकालय जैसी सभी सुविधाएं होंगी। कॉलेज के बनने से आसपास के 50 गांव एवं 20 किलोमीटर दूरी गांव की छात्राओं को फायदा होगा।
आपको बता दें कि सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रदेश में 20 किलोमीटर की दूरी पर महिला कॉलेज खोलने की योजना बनाई है।
इस योजना के तहत महेंद्रगढ़ जिले में गांव उन्हाणी और निजामपुर में दो कॉलेज बनाए जाने हैं। विगत माह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा 21 कॉलेजों को शिलांयास भी कर चुके हैं। किंतु कॉलेज बनने से पहले ही कनीना कस्बे के लोगों के विरोध शुरू हो चुका है। इसी कॉलेज के लिए कनीना कस्बे के लोग लघुसचिवालय परिसर में पिछले 64 दिन से धरने पर बैठे हुए हैं। उन्होंने इस कॉलेज को कस्बे के अंदर बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।
तीन मंजिला बनेगा कॉलेज:
गांव उन्हाणी का महिला कॉलेज जिले में पहला तीन मंजिला कॉलेज होगा। जिले के अन्य कॉलेज दो मंजिला ही हैं। पीडब्ल्यूडी बी एंड आर के पास कॉलेज का मैप भी आ चुका है। पूरा महाविद्यालय खुला एवं हवा दार बनाया जाएगा। कॉलेज निर्माण में 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कॉलेज से बाहर निकलने के लिए दो गेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा चढ़ने एवं उतने के लिए रैंप एवं सीढ़ियां दोनों बनाई जाएंगी। चारों ओर बिल्डिंग होगी और बीच में खुला घास का मैदान होगा।
ये होंगी सुविधाएं:
उन्हाणी कॉलेज बनने के बाद सभी सुविधाओं से सुसज्जित होगा। कॉलेज में फिजिक्स, केमिस्ट्री तथा बायोलॉजी की लैब होंगी। इनके लिए 6 लेबोरेट्री कक्ष बनाए जाएंगे। महाविद्यालय में छात्राओं के व्यायाम करने के लिए व्यायामशाला भी बनाई जाएगी। कॉलेज में एक बड़ा पुस्तकालय भी होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं की किताबें होंगी। इसके अलावा छात्राओं के खाने पीने के लिए एक कैंटीन भी बनाई जाएगी। कॉलेज में 21 कक्ष, तीन लेक्चर हॉल, एक कॉमन हॉल, दो कॉमन कक्ष तथा नौ फैकल्टी रूम होंगे।
आस पास के 50 गांवों की छात्राओं को होगा फायदा:
कनीना क्षेत्र के गांव उन्हाणी में महिला कॉलेज खुलने से आसपास के 50 गांवों की छात्राओं को फायदा मिलेगा। अभी कुछ छात्राएं कनीना राजकीय कॉलेज में जा रही हैं किंतु बहुत सी लड़कियां अटेली, महेंद्रगढ़ एवं नाहड़ कॉलेज में जा रही हैं। अगर अन्य महिला कॉलेज में छात्राओं की संख्या देखी जाए तो उन्हाणी में कॉलेज बनने से 2000 छात्राओं को फायदा होगा।
उन्हाणी गांव में आठ एकड़ भूमि पर 12 करोड़ की लागत से तीन मंजिला कॉलेज का भवन बनाया जाएगा। इसके लिए ऑन लाइन टेंडर शुरू कर दिए गए हैं, टेंडर शुरू होने के बाद जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- राजवीर शर्मा, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बी एंड आर।