नांगल चौधरी। क्षेत्र में शनिवार को अज्ञात महिला का शव मिलने के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।
शनिवार को नांगल चौधरी के शहबाजपुर-नौलाजा नदी क्षेत्र में एक 32 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए विभिन्न राज्यों व नजदीकी थानों में सूचना भेजी व सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भी प्रयास किए, लेकिन अब तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी पवन कुमार का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या कोई महिला पिछले कुछ दिनों से लापता हो, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि शव की पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। उनका कहना है कि निर्धारित कानूनी अवधि पूरी होने के बाद यदि महिला की पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।