सतनाली। गांव डिगरोता से सतनाली के बीच वीरवार शाम को हुए हादसे में घायल आरती (26) ने शुक्रवार को भिवानी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं आरती के बेटे तनीश (6), ललिता (30) व बच्ची सृष्टि (4) की हालत अभी भी गंभीर है।
शुक्रवार को सतनाली थाना पुलिस ने मृतका के ससुर कृष्ण सिंह की शिकायत पर टेंपों चालक राजवीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शुक्रवार को मृतका का गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
कृष्ण सिंह ने बताया कि उसकी पुत्रवधू आरती ने उन्हें बताया कि वे सतनाली से डीगरोता टेंपो में आ रहे थे। गाड़ी को राजवीर चला रहा था जिसके अंदर और महिला, बच्चे व आदमी बैठे हुए थे। जब हम सतनाली से डिगरोता रोड पर पहुंचे तो राजवीर गाड़ी को लापरवाही व तेज गति से चला रहा था।
उन्होंने बताया कि गाड़ी असंतुलित होकर रोड से नीचे उतरकर कर पेड़ से जा टकराई। हादसे में तनीश पुत्र विजय व ललीता, सृष्टि, स्नेहलता, महावीर, हिमांशु, नीकिता, पिंकी को गाड़ी चालक राजवीर भी घायल हो गया था।
वहीं इस मामले में सतनाली थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर टेंपो चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।