नारनौल। सैन्यकर्मी के खाते से 70 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात पर धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पैसे चौमू राजस्थान और रोहतक में एटीएम बूथों से पांच बार में निकाले गए हैं।
मिली जानकारी अनुसार गांव रसूलपुर जिला झुंझनूं (राजस्थान) निवासी सैन्यकर्मी रणधीर सिंह यादव का खाता नारनौल के रेवाड़ी रोड स्थित एसबीआई में है। 24 जुलाई को उसकी पत्नी ने नांगल चौधरी स्थित एसबीआई के एटीएम से 10 हजार रुपये निकाले थे। उसके बाद से एटीएम कार्ड पत्नी के पास है। फिर भी एटीएम से 70 हजार रुपये निकल गए। पैसे निकलने के मैसेज आने पर पीड़ित ने बैंक से खाते की जानकारी मांगी। इसमें 25 जुलाई की सुबह नौ बजकर 42 मिनट पर एक मिनट में तीन बार में 30 हजार रुपये निकल गए। इसके बाद 26 जुलाई को सुबह आठ बजकर 28 मिनट पर दो मिनट दो बार में 40 हजार रुपये निकाले गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार पैसे चौमू राजस्थान और रोहतक से निकाले गए हैं। मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद पीड़ित ने चार अगस्त को पुलिस में शिकायत दी। सिटी थाना पुलिस ने सोमवार को चोरी और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।