महेंद्रगढ़। माता भूरा भवानी मंदिर सिसोठ मंदिर कमेटी और मिशन महेंद्रगढ़ अपना जल टीम की ओर से शनिवार को तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान का समापन किया गया। टीम के सदस्यों ने माता भूरा भवान मंदिर व आसपास साफ-सफाई की।
मंदिर कमेटी के प्रेस सचिव एवं मिशन महेंद्रगढ़ अपना जल टीम के सदस्य मुकेश चौहान व मंदिर कमेटी प्रधान संदीप यादव, सचिव मास्टर अनिल सिसोठिया ने बताया कि जंहां स्वच्छता होती है वहां देवता का वास होता है। एक अक्तूबर को माता भूरा भवानी मंदिर में मेला व साप्ताहिक धार्मिक कार्यक्रमों का समापन हुआ था।
इस दौरान कमेटी एवं टीम के सदस्य भी काफी व्यस्त थे। मेला, भंडारा व खेलकूद प्रतियोगिताओं के चलते मंदिर परिसर पर खेल मैदान तथा आसपास काफी कचरा जमा हो गया था। कमेटी सदस्यों ने मेला समापन के बाद सफाई अभियान शुरू कर दिया था। महंत शक्तिनाथ के सानिध्य में महिलाओं ने भी लगातार सहयोग किया।
मंदिर परिसर को पानी से धोकर साफ किया। इस अवसर पर सरपंच वीरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष परमजीत, शिवकुमार, संदीप, ललित, दिनेश, रवि कुमार, सतबीर, राजबाला, रचना, सुशील, मीना, राजेश, फूलवती, रेखा, ज्योति, सुषमा, प्रिंस, समर सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।