नगर पालिका एवं खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मिठाई की दुकानों एवं गोदामों से 70 किलो मिठाई जब्त की। यह मिठाइयां लॉकडाउन से पहले की बनाई गई थीं। मिठाइयों को गड्ढे में दबा कर डिस्पोज किया गया। टीम ने 12 से 13 दुकानों को चेक किया। इसमें अधिकतर दुकानें खाली मिलीं। काउंटर में एक भी ट्रे दिखाई नहीं दिया। दो दिन पहले नारनौल में मिठाइयां जब्त करने की कार्रवाई के बाद दुकानदार अलर्ट हो गए थे। जिससे निरीक्षण के दौरान उम्मीद से कम मिठाइयां बरामद हो पाईं।
एसडीएम विश्राम कुमार मीणा के निर्देश अनुसार बनाई गई टीम का नेतृत्व नगर पालिका सचिव अभय सिंह कर रहे थे। उनके साथ एमई सोहन लाल, सेनिटरी इंस्पेक्टर कर्मचंद, खाद्य आपूर्ति विभाग की सब इंस्पेक्टर प्रीति यादव, उप निरीक्षक राहुल शामिल थे। टीम ने संयुक्त रूप से सुबह दस से दोपहर दो बजे तक मिठाइयों की दुकानों का निरीक्षण किया। लॉकडाउन के चलते सभी दुकानें बंद थीं। हलवाई यूनियन के प्रधान लक्ष्मी नारायण सैनी को साथ लेकर दुकानदारों को फोन कर बुलाया गया। एक एक कर दुकानें खुलवाई गई। इस दौरान टीम ने शॉपिंग काम्पलेक्स, बालाजी चौक, बस स्टैंड, विश्वकर्मा चौक, सब्जी मंडी, सर्राफा बाजार, 11 हट्टा बाजार में 12 से 13 मिठाइयों की दुकानें और गोदाम चेक किए। दुकानों से लड्डू, सोन पपड़ी, बूंदी, रसगुल्ले, बेसन के लड्डु, राजभोग सहित अन्य मिठाई मिलीं। मिठाइयों के अंदर फफूंद लगी थी। कुछ से बदबू आ रही थी। टीम ने करीब 60 से 70 किलो माल जब्त कर लिया। इस दौरान पुलिस कर्मचारी भी मौजूद थे। जो सोशल डिस्टेंसिंग पर ध्यान दे रहे थे। ।
नारनौल की कार्रवाई से दुकानदार हो गए थे अलर्ट
शहर में लगभग 25 मिठाइयों की दुकानें हैं। नपा की ओर से 12 से 13 दुकानेें को चेक किया गया। चार पांच दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों के काउंटर खाली थे। निरीक्षण के दौरान किसी भी काउंटर से खोया की मिठाई बरामद नहीं हुई। अंदेशा है कि दो दिन पहले नारनौल में हुई कार्रवाई के बाद महेंद्रगढ़ के दुकानदार अलर्ट हो गए थे। उन्होंने मिठाईयों को दुकानों से हटा दिया।
नहीं आने वाले दुकानदारों को जारी होगा नोटिस
नपा सचिव अभय सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तीन चार दुकानदारों को फोन कर बुलाया गया था। जो दुकानदार चेक करवाने के लिए नहीं आए। नपा की ओर से उनको नोटिस जारी किए जाएंगे। कानून का पालन नहीं करने पर डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खराब मिठाई बिगाड़ेगी स्वास्थ्य
नागरिक अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रतीक यादव ने बताया कि खराब मिठाई खाने से स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। लॉकडाउन से पहले बनाई गई मिठाई अब तक खराब हो चुकी हैं। अगर इन मिठाइयों के सेवन करेंगे तो फूड प्वाइजनिंग, उल्टी, दस्त हो जाएंगे। इससे आंतों पर भी प्रभाव पड़ता है।
खराब होने वाली वस्तुओं का स्टॉक न रखें। खराब वस्तुुओं को या तो स्वयं फेंक दें या फिर नपा को हैंडओवर कर दें। नपा उसको डिस्पोज ऑफ कर देगी। स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- अभय सिंह, ईओ, नपा महेंद्रगढ़।