महेंद्रगढ़। शहर के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम में गेहूं का वजन बढ़ाने के लिए पानी छिड़कने की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग ने मंगलवार को अचानक छापा मारा। जांच में पानी छिड़कर वजन बढ़ाने की बात सामने आई। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार को चंडीगढ़ मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सीएम फ्लाइंग के एएसआई सुनील कुमार और विभागीय टीम ने गोदाम नंबर एक की जांच की। यहां करीब 80 से 90 फीट लंबी पानी की पाइप बिछी मिली। टीम को शिकायत मिली थी कि पाइप के जरिये गेहूं पर पानी का छिड़काव कर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है।
जांच के दौरान गेहूं में नमी भी निर्धारित स्तर से अधिक मिली। एएसआई सुनील कुमार के अनुसार गेहूं में नमी 12 से 14 प्रतिशत होनी चाहिए, जबकि कुछ कट्टों में यह 18.5 प्रतिशत तक पाई गई। वहीं निर्धारित 50.580 किलोग्राम वजन के बजाय कुछ कट्टों का वजन 53.700 किलोग्राम तक मिला।
जांच के बाद तैयार रिपोर्ट के आधार पर निरीक्षक को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें मुख्यालय से संबद्ध रखा गया है। बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।