यहां के छोटा बड़ा तालाब के पास स्थित एक कुएं में किसी व्यक्ति के गिर जाने की सूचना से पूरा दिन शहर में हड़कंप मचा रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरा लाव लश्कर सुबह छह बजे से शाम को चार बजे तक वहीं डटा रही। कुएं में व्यक्ति को निकालने के लिए अपने स्तर पर लोगों व पुलिस ने काफी प्रयास किए लेकिन दिनभर की मशक्कत के बाद कुएं से कोई नहीं निकला तो दोपहर बाद गोताखोर बुलाये गए जिन्होंने कुएं में कई गोते लगाए लेकिन कुछ नहीं मिला। गोताखोरों ने किसी व्यक्ति के न मिलने की रिपोर्ट बनाकर पुलिस को सौंप दी। घटना की सूचना मिलने पर एसपी हामिद अख्तर भी वहां करीब दो घंटे रहे। कुएं के पास दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। फायर बिग्रेड की गाड़ी भी दिनभर वहीं खड़ी रही।
छोटा बड़ा तालाब के पास बुधवार सुबह एक कुएं से बचाओ-बचाओ की आवाज आई। आवाज सुनकर वहां से जा रही महिलाओं ने इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। भीड़ में से किसी ने इसकी सूचना 100 नंबर पर दे दी। जिसके बाद वहां पर ओल्ड चौकी पुलिस स्टेशन व शहर थाने से पुलिस तथा फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंच गई तथा लोगों की मदद से व्यक्ति को निकालने का प्रयास किया, मगर कोई कामयाबी नहीं मिली।
कुएं में पानी होने के कारण बुलाये गोताखोर
कुआं बहुत ही पुराना है। जिसमें नीचे जाने के लिए रास्ता व बीच बीच में ठहरने के लिए जगह भी बनी हुई है। इसलिए लोगों ने वहां तक जाकर रस्सों आदि से छानबीन की, मगर पानी गहरा होने के कारण कुछ भी हाथ नहीं लगा। इसके चलते पुलिस को गुरुग्राम से गोताखोरों को बुलाना पड़ा।
लोगों ने कुएं में किसी व्यक्ति के गिरने की शिकायत 100 नंबर पर की थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा गुरुग्राम से गोताखोर भी बुलाये, मगर कुएं में कुछ नहीं मिला।---राजबीर, ओल्ड पुलिस चौकी इंचार्ज