कनीना। क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिलिंडर की कमी के कारण विवाह समारोहों में खाना बनाने जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
समाजसेवी अनिल यादव ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोग गैस सिलिंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि विशेषकर शादी-ब्याह के सीजन में कमर्शियल गैस सिलिंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है ताकि किसी भी कार्यक्रम में बाधा न आए लेकिन फिलहाल स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है और लोग परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे हैं।
अनिल यादव ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति को तुरंत सुचारू किया जाए और आवश्यकतानुसार कमर्शियल सिलिंडर की विशेष व्यवस्था की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके और मांगलिक कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के संपन्न हो सकें।