नारनौल में सोमवार को आसमान में छाए बादल।
नारनौल। जिले में पिछले एक सप्ताह से मौसम के मिजाज में बदलाव साथ ही तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रविवार रात्रि के साथ सोमवार को सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियां दर्ज की गई। इससे ठंड बढ़ गई है। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप खिलने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई। इससे नारनौल का अधिकतम तापमान 24 डिग्री से बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बूंदाबांदी गेहूं व सरसों की फसलों के लिए संजीवनी के समान मानी जा रही है, क्योंकि वर्तमान में किसान फसलों की सिंचाई कर रहे हैं। ऐसे में बूंदाबांदी व ठंड फसलों के लिए काफी लाभदायक है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी तापमान में उतार-चढ़ाव, तो कभी बादलवाही के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल रहा है। इसी बीच कोहरा भी अपने रंग दिखा रहा है। इसके पीछे उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होना है। इस बार भी दिसंबर महीने में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में उतार-चढ़ाव, हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा। जिसकी वजह से मौसम लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा। रविवार को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से दक्षिणी राजस्थान पर एक कमजोर प्रेरित चक्रवातीय सर्कुलेशन बना हुआ है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से आंशिक बादलवाही के साथ कुछ सीमित स्थानों बूंदाबांदी भी देखने को मिलेगी। सोमवार को नारनौल का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में मौजूद प्रचुर मात्रा में नमी की वजह से सुबह के दौरान कोहरा के संभावना बन रही है।