पिछले तीन दिनों से पीने के पानी की परेशानी से जूझ रहे गांव बिहाली के ग्रामीणों ने प्रशासन की अनदेखी पर शनिवार को जाम लगाकर रोष जताया। जाम लगने से ढाई घंटे तक अटेली-बहरोड़ रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करवा जाम खुलवाया। पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीण सड़क पर प्यासे लगभग दो घंटे तक लेटे रहे। लोगों ने अल्टीमेटम दिया कि फिर कनेक्शन काटा गया तो वह दोबारा आंदोलन करेंगे।
बिहाली में सार्वजनिक वाटर सप्लाई के बिजली कनेक्शन कटने के कारण लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की चेतावनी के बाद भी कोई अधिकारी उनकी समस्या सुनने नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए लोगों ने शनिवार को अटेली-बहरोड़ रोड पर जाम लगा दिया।
जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। गुप्तचर विभाग के पवन कुमार, एएसआई राजकुमार, सहायक उपनिरीक्षक बलवान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और जाम खोलने को कहा। ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताई। इस पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ओमप्रकाश और विद्युत निगम के उपमंडल अधिकारी नरेंद्र कुमार से टेलीफोन पर बात की। इसके बाद कनेक्शन जोड़कर जलापूर्ति सुचारु करवाई। ग्रामीणों ने मौके पर यह अल्टीमेटम दिया कि दोबारा कनेक्शन काटा गया तो मजबूरन उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा।
चार दिन से सुलग रहा था गुस्सा
चार दिन पहले खंड के गांव बिहाली के तीन सार्वजनिक वाटर सप्लाई के बिजली कनेक्शन बिल अदायगी न होने के कारण बिजली निगम ने काट दिए थे। इससे गांव में पेयजल समस्या बन गई थी। ग्रामीण लगातार सरकार और प्रशासन से जलापूर्ति बहाली के लिए गुहार करते रहे। ग्रामीणों का कहना था कि बिल अदायगी सरपंच की लापरवाही के कारण नहीं हुई इसका खामियाजा निर्दोष ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। लगातार तीन दिन तक जब प्रशासन ने ग्रामीणों की नहीं सुनी तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए।