महेंद्रगढ़। नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति का इंतजार कर रहे शहरवासियों को अब आपूर्ति के लिए तीन दिन और इंतजार करना पड़ेगा। जिम्मेदारों का दावा है कि आगामी पांच अप्रैल को नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद गांव देवास स्थित नहरी पानी आधारित जलघर के टैंकों को भरा जाएगा। इस समय जलघर के चार टैंकों में से तीन सुख चुके हैं और एक में सिर्फ चार फीट ही पानी बचा है।
जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से गत 22 मार्च से ही पानी की राशनिंग शुरू कर दी गई थी। प्रतिदिन शहर की 40 हजार की आबादी को प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 155 लीटर पानी के हिसाब से कुल 6.45 लाख लीटर पानी की आवश्यकता है।
अगर तय समय पर नहरों में पानी नहीं आता तो शहर की 40 हजार की आबादी को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ेगा। जन स्वास्थ्य विभाग के गांव देवास स्थित चार वाटर टैंकों में से तीन में पानी सुख चुका है और एक में चार फीट पानी है। नहरी पानी पर आधारित देवास जलघर में 85 लाख लीटर पानी की क्षमता के चार टैंक बने हुए हैं। चार टैंकों में तीन सुख चुके हैं तय समय पर नहरी पानी नहीं पहुंचा तो आपूर्ति करना जिम्मेदारों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहेगा।
जिले में नहरी पानी आपूर्ति आठ मार्च को ही बंद कर दी गई थी और अब संभावना जताई जा रही है कि आगामी पांच अप्रैल को ही नहरी पानी उपलब्ध हो पाएगा। देवास स्थित जलघर में 40 हजार की आबादी के लिए महज 15 दिन का पानी जमा हो सकता है।
गत आठ मार्च को नहरी आपूर्ति बंद हुई थी अब पांच अप्रैल को नहर में पानी आने की संभावना है। विभाग के पास शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए 12 बोरवेल हैं। आगामी पांच अप्रैल को नहरी पानी आने के बाद सभी टैंकों को भर लिया जाएगा इसके बाद नियमित रूप से शहर में पानी की आपूर्ति की जाएगी।
दीपचंद, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग महेंद्रगढ़