बढ़ते प्रदूषण को कम करने और पेड़ों पर जमी धूल को साफ करने के लिए पानी का छिड़काव करता कर्मचारी। सं
- फोटो : Narnol
शहर की बदहाल सड़कों से उठने वाली धूल के कारण लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को कम करने के लिए बुधवार को नगरपालिका ने शहर में करीब 50 हजार लीटर पानी का छिड़काव किया। शहर से गुजरने वाले स्टेट हाईवे पर उठने वाले धूल को कम करने के लिए दो ट्रैक्टरों की मदद से और सार्वजनिक स्थानों पर दमकल की गाड़ी से पानी का छिड़काव किया गया। बता दें कि सड़कों के टूटने की वजह से उठने वाली धूल के कारण लगातार वायु गुणवत्ता सूचकांक मे वृद्धि हो रही थी। इस पर काबू पाने के लिए नगरपालिका द्वारा पानी का छिड़काव किया गया।
पेड़-पौधों पर जमी धूल को भी उतारा
शहर के बदहाल सड़कों से दिनभर उठने वाली धूल के कारण मुख्य सड़क के किनारे के पेड़-पौधों पर भी लंबे समय से धूल जम रही थी। बुधवार को इन पेड़-पौधों पर पानी की बौछार कर धूल कणों को धोया गया।
इन स्थानों पर हुआ पानी का छिड़काव
नपा द्वारा दो ट्रैक्टर एवं एक दमकल की गाड़ी की मदद से शहर के राव तुलाराम चौक से बालाजी चौक तक, रेलवे रोड के साथ-साथ स्टेट हाईवे पर पानी का छिड़काव करवाया। इससे उठने वाली धूल से लोगों को राहत मिली है।