कनीना। पाइप लाइन में लीकेज के कारण कस्बे में 15 दिनों से पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लोगों ने इसकी शिकायत की लेकिन पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया।
कस्बे के राजकुमार, सुरेश, मोहन सिंह, दीनदयाल, देवेंद्र, नवीन, सचिन ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जन स्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अधिकारी व जेई सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोगों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण न केवल पानी बर्बाद हो रहा है बल्कि घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। प्रतिदिन सप्लाई के समय सड़क पर जलभराव हो जाता है। वाहन छींटे मारते हुए निकलते हैं और गंदा पानी दूर-दूर तक फैल जाता है।
जेई तेज बहादुर ने बताया कि नल एक निजी व्यक्ति का है जिसे एक दिन का नोटिस दिया गया है। जल संरक्षण के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने वाली सरकार और अधिकारी इस बर्बादी को क्यों अनदेखा कर रहे हैं। अगर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूर होकर विभागीय कार्यालय का घेराव करेंगे।