नारनौल। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पदों को भरने के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में रिक्त पंच और सरपंच के पदों के लिए वार्ड वार मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) व उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत 19 फरवरी से 28 फरवरी तक विधानसभा मतदाता सूची के आधार पर वार्ड वार ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
इसका प्रारंभिक प्रकाशन 2 मार्च 2026 को होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही व्यक्ति पंचायत मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जिनका नाम संबंधित गांव की विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है।
संबंधित गांवों के नागरिक निर्धारित केंद्रों पर जाकर सूची में अपने नाम की जांच कर सकते हैं और किसी भी त्रुटि की स्थिति में दावे व आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।
ये रहेगा मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार वार्ड वार ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार करने का कार्य 19 से 28 फरवरी तक पूरा किया जाएगा। 2 मार्च को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का सार्वजनिक प्रकाशन कर दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। इच्छुक व्यक्ति 9 मार्च (शाम 4 बजे तक) अपने दावे और आपत्तियां संबंधित प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनका निपटारा 12 मार्च तक किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इन निर्णयों से संतुष्ट नहीं है, तो वह 16 मार्च तक उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है, जिसका निपटान 19 मार्च तक होगा। आखिर में सभी संशोधनों के बाद 27 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
इन गांव में होंगे उपचुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिले के विभिन्न खंडों में रिक्त पदों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें खंड अटेली नांगल के तहत ग्राम पंचायत फतेहपुर में सरपंच पद के लिए चुनाव होगा। जिले के विभिन्न गांवों में पंचों के रिक्त पदों के लिए भी मतदान प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। इनमें मुख्य रूप से खंड कनीना के गांव छितरोली (वार्ड 7), स्याना का (वार्ड 11), कपुरी (वार्ड 2), धनौंदा (वार्ड 4), भोजावास (वार्ड 7), खंड महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना (वार्ड 3), खंड नांगल चौधरी के गांव इकबालपुर नंगली (वार्ड 6), बुढवाल (वार्ड 3), खंड नारनौल के गांव थाना (वार्ड 7), खंड निजामपुर के गांव मारोली (वार्ड 4), नापला (वार्ड 3), खंड सतनाली के गांव ढाणा (वार्ड 4), नंगला (वार्ड 4), ढाणी कुमहारान (वार्ड 5) शामिल हैं। इन सभी संबंधित गांवों में वार्ड वार मतदाता सूची तैयार करने का कार्य अधिसूचना के अनुसार शुरू कर दिया गया है।