महेंद्रगढ़। खातोद स्थित आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय एकता शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। सात दिवसीय शिविर के समापन पर छात्र-छात्राओं ने लोक नृत्यों से समा बांधा। शिविर की थीम यूथ फॉर माय भारत एवं यूथ फॉर डिजिटल लिटरेसी रही।
देश भर से स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
शिविर में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारियों ने सात दिनों तक सहभागिता कर राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. पवित्रा राव ने कहा कि यह शिविर युवाओं में उच्च चरित्र निर्माण, निस्वार्थ समाज सेवा व राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम रहा।
कार्यक्रम के स्टेट कोर्डिनेटर डॉ. दिनेश शर्मा, कैंप संचालक चरण सिंह बड़ेसरा ने कहा कि शिविर ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उच्चतम मानकों को स्थापित किया है।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न सामाजिक, बौद्धिक और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। सांस्कृतिक सत्रों के दौरान छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के स्वयंसेवकों ने अपनी-अपनी अनूठी लोक संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग पारंपरिक नृत्य और लोकगीत प्रस्तुत कर पूरे परिसर को मिनी भारत के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने की। शिविर का सफल संचालन स्टेट नोडल अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा व जिला कोर्डिनेटर चरण सिंह बड़ेसरा की ओर किया गया। सभी स्वयंसेवकों व कार्यक्रम अधिकारियों को मुख्य अतिथि की ओर से प्रमाण पत्र, मैडल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कैंप के बैस्ट स्वयंसेवकों में दीपाशू, मौलिक, शाहील, प्रिंस, शौरभ, शालिनी, प्रियंका, युवराज, नंदीनी, सोनिया, योगेश, आदित्य और दिव्या को विशेष रूप से मैडल पहनाकर सम्मानित किया गया।