फोटो 14 एसडीओ को ज्ञापन सौंपती सरपंच व ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
मंडी अटेली। गांव तोबड़ा में पिछले कई महीनों से कम वोल्टेज की समस्या के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान को लेकर सरपंच आशा कुमारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि करीब छह माह से गांव में बिजली का वोल्टेज बेहद कम आ रहा है, जिससे कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। भीषण गर्मी में यह स्थिति बच्चों और बुजुर्गों के लिए और अधिक कष्टदायक बन गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि वे पहले भी कई बार विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। कम वोल्टेज के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, रात्रि में स्थिति और बिगड़ जाती है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। सरपंच ने चेतावनी दी कि शीघ्र समाधान न होने पर ग्रामीण आंदोलन को मजबूर होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।