फोटो संख्या:66- दौंगड़ा अहीर चौक पर रोष जताते ग्रामीण--स्रोत- ग्रामीण
कनीना। टीवी डिबेट के दौरान प्रो. संगीत रागी द्वारा अहीर समाज को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दौंगड़ा अहीर चौक पर आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीण हरपाल सिंह ने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है कि एक शिक्षित व्यक्ति और प्रोफेसर के पद पर बैठे व्यक्ति ने इस तरह की टिप्पणी की। शिक्षा से जुड़े लोगों से समाज को आपसी भाईचारे, सम्मान और सकारात्मक सोच की उम्मीद रहती है। पूरे अहीर समाज को गंवार कहना जातिवादी और भेदभावपूर्ण सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अहीर समाज अपने मान-सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रो. संगीत रागी को रेजांग-ला के गौरवशाली इतिहास को पढ़ना चाहिए, जहां वीर अहीर सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए अदम्य साहस दिखाया और सर्वोच्च बलिदान दिया था।
इस मौके पर धर्मपाल अटाली, रणवीर सिंह ठेकेदार, हरपाल सिंह थानेदार, चेयरमैन राजकुमार यादव, पवन पंच, पवन शर्मा, रमेश, पप्पू लाल पंडित, महेंद्र सिंह और अजहरुद्दीन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।