कनीना। गांव सिहोर में सरपंच हरीश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जल चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य रूप से ग्राम जल एवं सीवरेज समिति प्रशिक्षण विषय पर जोर दिया गया। इस अवसर पर विभाग से खंड संसाधन संयोजक मोहित कुमार ने पेयजल सप्लाई को सुचारू रूप से चलाने के लिए विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बीआरसी मोहित कुमार ने बताया कि पानी की शुद्धता व गुणवत्ता की एफटीके के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे जांच कैसे करें। गंदे पानी से होने वाली बीमारियों के बचाव, जल सरंक्षण, जल जीवन मिशन, खुले चल रहे नलों पर टूटी लगवाने, पानी की बर्बादी को रोकने,पीने के पानी के उचित रखरखाव व मैटीरियल वितरित कर विभाग के टोल फ्री 18001805678 नंबर के बारे में जानकारी दी गई। डायरिया रोग की रोकथाम के लिए स्वच्छता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अटल भूजल योजना मास्टर ट्रेनर्स विनय कुमार ने स्कीमों के बारे में उपस्थित ग्रामीणों को बताया, जिससे किसान कम लागत और कम समय में अधिक उत्पादन कर सकते हैं। कार्यक्रम में सहायक ट्रेनर सीमा, राजबाला, कुलदीप, सूबे सिंह, अशोक, दयानंद, सुनील, रघुवीर सिंह, नरेश कुमार, शांति देवी आदि उपस्थित रहे।