फोटो 15राजकीय प्राथमिक पाठशाला भौड़ी में समय पर स्कूल में शिक्षक नहीं आने पर ग्रामीण व अभिभाव
मंडी अटेली। राजकीय प्राथमिक पाठशाला भौड़ी में शिक्षकों के समय पर नहीं पहुंचने पर मंगलवार को ग्रामीणों व अभिभावकों ने मुख्यद्वार पर ताला जड़कर दो घंटे प्रदर्शन किया।
मंगलवार को ग्रामीणों के विरोध, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बीईओ मुकेश कुमार व क्लस्टर हेड मौके पर पहुंचे और लापरवाही बरतने वाले अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
गांव के सरपंच प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, पूर्व सरपंच जगमोहन, नंबरदार रामनिवास, सतीश कुमार, विनोद पंच, संजय कुमार, मनसुख सहाब, दीपक, राजू पंच, रामनिवास चौहान आदि ने बताया कि अध्यापक सामान्य दिनों में भी बहुत कम कक्षा में आते हैं। जब आते हैं तो कुछ देर बैठकर चले जाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि स्कूल में 45 से अधिक विद्यार्थी और दो अध्यापक हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को बच्चे गेट के बाहर खड़े होकर काफी देर तक अपने गुरुजी का इंतजार करते रहे। जब अध्यापक नहीं पहुंचे तो अभिभावकों ने मौके पर पहुंचकर रोष जताया था।
वर्जन:
ग्राम पंचायत के प्रस्ताव और अभिभावकों की शिकायत को उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा। पहले भी शिकायत आने पर उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया था।- मुकेश कुमार, बीईओ।