महेंद्रगढ़। गांव रिवासा की ढाणियों में बिजली नहीं आने से परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग कार्यालय महेंद्रगढ़ में पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव रिवासा की ढाणियों में ट्यूबवेल की बिजली केवल 4- 5 घंटे ही मिलती है। गर्मी के दिनों में रात को बच्चों व बुजुर्गों का रहना बहुत मुश्किल हो गया है। पिछले तीन माह से सुचारू रूप से उन्हें बिजली नहीं मिल रही है। महेंद्रगढ़ के दूसरों फीडरों में डीम लाइट दो फेस का प्रावधान कर रखा है। परंतु पाली फीडर में यह सुविधा नहीं है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर बिजली प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीओ दीपक यादव को ज्ञापन सौंपा। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि दो दिन में ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराएंगे।
महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि तय समय में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। बाला देवी ने कहा कि 4- 5 साल से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले साल भी ऐसा हुआ था प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी तब बिजली आई थी। अब भी तीन माह से बिजली की दिक्कत हो रही है। इस मौके पर बाला देवी, शकुंतला, सुनीता, मनोज देवी, बिमला देवी, ममता देवी, सबिता, अनिता, रमेश, जगवंती, स्नेहलता, सुमन, गीता, संतोष, रेशमा, कमलेश, कविता सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। एसडीओ दिपक यादव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि तीन दिन में उनके गांव को पाली फीडर से जोड़ दिया जाएगा जिससे समस्या का स्थायी समाधान होगा।