क्षेत्र के एक दर्जन गांवों के सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों व ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के ब्लॉक बदलवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम महेंद्रगढ़ को ज्ञापन सौंपा।
गांव बवानियां, मुडायन, गागड़वास, बचीनी, नांगल, हरनाथ, बुचावास, आनावास, सिगड़ा, झगड़ौली, भालखी, सीगड़ी के ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं रामनिवास पाटोदा के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में बताया कि यह सभी गांव महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अधीन आते हैं, परंतु इन सभी गांवों का ब्लॉक कार्यालय कनीना के अधीन हैं।
कनीना की दूरी 20 और महेंद्रगढ़ 6 किलोमीटर दूर
इन गांवों से कनीना की दूरी लगभग 20 किलोमीटर है, जबकि महेंद्रगढ़ ब्लॉक की दूरी महज इन गांवों से लगभग 6 किलोमीटर है। इन सभी गांवों के तहसील व सरकारी कार्यालय महेंद्रगढ़ उपमंडल के अधीन है, लेकिन इन गांवों की ग्राम पंचायत ब्लॉक संबंधित कार्यों के लिए कनीना आवागमन करना पड़ता है। इसके कारण लोगों को अपने कार्य के लिए कनीना के चक्कर काटने पड़ते हैं। इससे लोगों के समय व धन दोनों की बर्बादी होती है।
अगर सरकार व प्रशासन द्वारा इन गांवों को महेंद्रगढ़ खंड कार्यालय से जोड़ दिया जाए तो लोगों को आवागमन में तो आसानी होगी और साथ ही लोगों को ग्राम पंचायत कार्यालय से मिलने वाली सभी प्रकार की सुविधा की भी जानकारी समय पर मिल जाएगी। इससे लोगों के समय व धन की भी बचत होगी साथ ही आसानी से कार्यालय में पहुंचकर अपना काम भी करा सकेंगे।
सतनाली को बनाया ब्लॉक
समाजसेवी रामनिवास पाटोदा ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व सतनाली को भी ग्राम पंचायत का नया ब्लॉक बनाया गया था इसके बाद महेंद्रगढ़ खंड से करीब 40 गांवों को सतनाली खंड में शामिल किया गया था। इसके कारण महेंद्रगढ़ ब्लॉक में भी गांवों की संख्या कम हो गई थी। अब इन गांवों को जोड़कर लोगों का लाभ भी दिया जा सकता है। इस अवसर पर अशोक, संदीप, नाहर सिंह, लाल सिंह, रमेश, दीपक, रविंद्र, राजेंद्र, कंवर सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।