फोटो नंबर-22दीवार तोड़कर मकान में घुसा डंपर। स्रोत-ग्रामीण
नारनौल। निजामपुर क्षेत्र के गांव मूसनौता में शुक्रवार सुबह एक डंपर अनियंत्रित होकर घर में घुस गया। इस दौरान डंपर घर की बाहरी दीवार तोड़कर अंदर तक घुस गया जिससे मकान को काफी नुकसान पहुंचा। घटना के डंपर चालक मौके से भाग गया।
मकान मालिक विक्रम ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर घर की महिलाएं सबसे पहले बाहर आईं। जब उन्होंने देखा कि डंपर सीधे घर के अंदर घुसा हुआ है तो तुरंत परिवार को जगाया और उनको इसकी सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद विक्रम ने तुरंत स्थानीय निजामपुर पुलिस को फोन कर जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दीवार व डंपर की स्थिति का निरीक्षण किया।
विक्रम ने बताया कि हादसे के कारण घर की दीवार पूरी तरह टूट गई और अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है। उनका कहना है कि इस दुर्घटना में लगभग चार से पांच लाख रुपये की क्षति हुई है जिसकी भरपाई की मांग उन्होंने प्रशासन और पुलिस से की है। उन्होंने डंपर चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
एएसआई जयभगवान ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई थी। प्रारंभिक जांच की जा चुकी है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।