फोटो नंबर-08 सिहमा के बाबा खेता नाथ मंदिर में आशीर्वाद लेते पदयात्री। संवाद
सिहमा। भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और अटूट संकल्प के साथ कनीना निवासी दीपक और राहुल गोमुख (उत्तराखंड) से सोमनाथ (गुजरात) तक पदयात्रा पर निकले हुए हैं। शनिवार को गांव सिहमा स्थित बाबा खेतानाथ मंदिर पहुंचने पर दोनों पदयात्रियों का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया।
मंदिर के महंत ऐतवार नाथ के सानिध्य में दीप भारद्वाज सहित अन्य ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। दोनों युवाओं ने 11 मई को यात्रा शुरू की थी और लगभग 2200 किलोमीटर की दूरी तय कर 11 अगस्त महाशिवरात्रि पर सोमनाथ पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
राहुल ने बताया कि यात्रा शुरू होने के नौ दिन बाद वे हरिद्वार पहुंचे जहां से गंगाजल लेकर अब लगातार सोमनाथ की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि सनातन धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना और गो माता की रक्षा का संदेश देना भी है। नीरज यादव कनीना ने बताया कि दोनों युवाओं का समर्पण क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।