तापमान में लगातार बढ़ोतरी के बाद वीरवार को मौसम में अचानक परिवर्तन होने के कारण सुबह घना कोहरा छा गया। जिसकी वजह से दृश्यता कम होने से नारनौल-रेवाडी हाईवे पर गांव सराय के पास तीन वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। एक-दो लोगों को हल्की चोट आई है। जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
सुबह करीब पांच बजे नारनौल-रेवाड़ी हाईवे पर गांव सराय के पास दो ट्रक और हरियाणा रोडवेज की एक बस में टक्कर हो गई। एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले ट्रक के पीछे चल रही रोडवेज बस भी पीछे से ट्रक में टकरा गई, जिससे तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हरियाणा रोडवेज में सवारी कम होने के कारण किसी को चोट नहीं आई। वाहन चालकों को मामूली चोट आई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस की सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इस मामले में किसी भी वाहन के चालक ने कोई शिकायत नहीं दी है।
बाक्स
रात के तापमान में आ रही गिरावट
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान मौसम प्रणाली द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार भारी मात्रा हिमपात होने की वजह से मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में उत्तरी बर्फीली हवाओं के प्रभाव से रात्रि के तापमान में गिरावट जारी है।
वीरवार सुबह संपूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली और जिला महेंद्रगढ़ में सुबह हवाओं की गति में कमी की वजह से कोहरा छाया रहा। 25 फरवरी को सुबह एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के प्रभाव से एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 25 और 26 फरवरी को उत्तरी-पूर्वी हरियाणा, एनसीआर दिल्ली पर मध्यम से तीव्र बारिश के साथ सीमित स्थानों पर ओलावृष्टि और दक्षिणी पश्चिमी और मध्य हरियाणा के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। वीरवार को नारनौल का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।