संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। क्षेत्र के दो स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। नारनौल के लहरोदा गांव के पास हुई दुर्घटना में युवक की जान चली गई। वहीं नानरौल शहर में वीरवार की अपराह्न साढ़े चार बजे रोडवेज बस की टक्कर से मोपेड सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
पहली घटना लहरोदा गांव में हुई। चितलांग निवासी अभिषेक नारनौल में एक पेंट की कंपनी पर काम करता था। वह बुधवार को रात नौ बजे बाइक से घर जा रहा था। वह लहरोदा गांव के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई जिससे अभिषेक और पीछे बैठा युवक गिर गया। पीछे बैठे युवक को आसपास के लोगों ने अस्पताल में पहुंचाया।
वहीं, एक पीछे से आ रहे ट्रक में अभिषेक फंस कर करीब दस किलोमीटर तक घसीटता चला गया जो गांव मंढाणा के पास हेलमेट सहित सड़क पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सदर थाना के एसएचओ सतबीर ने बताया कि पुलिस को हेलमेट पहने हुए युवक का शव मंढाणा गांव के पास मिलने की सूचना मिली थी, मगर वहां पर कोई बाइक या अन्य दुपहिया वाहन नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी दुर्घटना नारनौल शहर में हुई।वीरवार की अपराह्न साढ़े चार बजे रोडवेज बस की टक्कर से मोपेड सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।नांग तिहाड़ी निवासी आशीष (12) वीरवार शाम को करीब साढ़े चार बजे किसी अन्य युवक के साथ मोपेड पर सवार होकर नसीबपुर जेल के सामने बने पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के लिए आया था। आशीष मोपेड पर पीछे बैठा हुआ था, जबकि अन्य युवक मोपेड चला रहा था। इस दौरान रोडवेज बस चालक ने मोपेड को टक्कर मारी दी।
रोडवेज की टक्कर लगने से आशीष सड़क पर गिर गया, जबकि दूसरा लड़का सड़क से दूर जाकर गिर गया। सड़क पर गिरने की वजह से राेडवेज बस ड्राइवर ने बच्चे को कुचल दिया। जिसके कारण बच्चे की मौत हो गई।