फोटो 22: घटनास्थ्ल का मौका मुआयना करती पुलिस। संवाद
मंडी अटेली। गांव नावदी में खेतों में अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे में वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान गांव नावदी निवासी बिशन (50) के रूप में हुई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक के परिवार के ही गांव नावदी निवासी एक नाबालिग ने अपने रामपुरा निवासी दोस्त के साथ मिलकर टाइल के पत्थरों से वार कर उसकी हत्या की थी। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि बिशन जब भी मिलता था तब उसकी मां को गालियां देता था। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया बाल सुधार गृह भेज दिया है।
मंगलवार सुबह गांव के बाहर खेतों में बिशन का शव पड़ा मिला था। मृतक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। ग्रामीणों ने शव देखकर मौके पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी।
चचेरे भाई ने लगाया था हत्या का आरोप
मृतक के चचेरे भाई सुबे सिंह ने अज्ञात व्यक्ति पर रंजिश या अन्य कारणों से सिर पर चोट मारकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि बिशन मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और गांव में घूमकर लोगों से मांगकर गुजारा करते थे। वह अक्सर गांव की चौपाल में सोता थे। बिशन के माता-पिता का करीब 40 साल पहले निधन हो गया था। सुबे सिंह के अनुसार बिशन जन्म से मानसिक रूप से अस्वस्थ नहीं था बल्कि माता-पिता के निधन के बाद धीरे-धीरे उसकी मानसिक हालत बिगड़ती चली गई।
मां के बारे में अपशब्द बोलने से मन में पैदा हुई घृणा
पुलिस पूछताछ में एक नाबालिग ने बताया कि बिशन उसकी मां के बारे में अपशब्द बोलता था। जब भी वह उसके सामने आता तो उसे और उसकी मां को गालियां देता था। इससे उसके मन में बिशन के प्रति घृणा पैदा हो गई थी। इसी रंजिश में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर टाइल के पत्थरों से वार कर बिशन की हत्या कर दी।
वर्जन
पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों के आधार पर दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को घटनाक्रम के बारे में बताया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
सज्जन सिंह, एसएचओ।