महेंद्रगढ़। गांव झगड़ौली में 14 नवंबर को होने वाले बाबा भैंया के मेला अवसर पर दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता 13 नवंबर से शुरू होंगी। खेलकूद प्रतियोगिता के अलावा रात्रि जागरण व अन्य धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे। खेलकूद में वॉलीबाल, कबड्डी, दौड़ व कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा।
झगड़ौली के सरपंच मुकेश सोनी ने बताया कि 13 नवंबर को बाबा भैंया के जागरण में गायक विकास पासोरिया व अंकुश शर्मा एंड पार्टी की ओर से भजनों से बाबा की महिमा का गुणगान किया जाएगा। जागरण में मुख्यातिथि विधायक कंवर सिंह यादव होंगे। मेले के अवसर खेलों का शुभारंभ 13 नवंबर को किया जाएगा। वॉलीबाल शूटिंग व वाॅलीबाॅल समेसिंग में विजेता को 21 हजार व उप विजेता को 11 हजार, 58 किलो भार वर्ग की कबड्डी में विजेता को 21 हजार व उप विजेता टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं 48 किलो भार कबड्डी में विजेता को 15 हजार व उप विजेता को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरुषों की 1600 व 800 मीटर, महिलाओं की 400 व 800 मीटर दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके साथ-साथ लंबी व ऊंची कूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सरपंच मुकेश सोनी ने बताया कि 2500 रुपये से 22 हजार रुपये तक का कुश्ती दंगल भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीडीसी सदस्य भंवर सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथि महेंद्र कुमार शर्मा होंगे। जागरण आयोजनकर्ता बिजेंद्र शास्त्री रहेंगे। फाइनल मुकाबले 14 नवंबर को कराए जाएंगे।