ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को काबू किया है। मोबाइल खरीदकर फर्जी एप से पेमेंट होने का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर मोबाइल हड़पने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गहली निवासी राजेश और चिंडालिया निवासी हरेंद्र के रूप में हुई है।
आरोपी नारनौल की एक दुकान से मोबाइल फोन खरीद कर ले गए थे, जिन्होंने बिल पर अपना फर्जी नाम हरीश लिखवाया था। आरोपियों द्वारा फर्जी एप के माध्यम से दुकानदार के क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पेमेंट किए जाने का फर्जी मैसेज दिखाया, जिसका दुकानदार ने अपने फोन में फोटो ले लिया था। पुलिस ने पूछताछ में आरोपियों से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी राजेश के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों से ऐसी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस शिकायत में मोहल्ला संघीवाड़ा निवासी हिमांशु ने बताया कि उसने रेवाड़ी रोड पर एक मोबाइल की दुकान कर रखी है। 20 मार्च को एक व्यक्ति दुकान पर आया। उसने अपना नाम हरीश बताया और मोबाइल खरीदा। इसकी कीमत 19999 रुपये है। हरीश ने कहा कि वह आपको इस मोबाइल की पेमेंट ऑनलाइन फोन पे से कर देता है। फिर उसने पास लिए हुए एक अन्य मोबाइल फोन से 19800 रुपये की ट्रांजक्शन का स्क्रीन शॉट मुझे दिखाया। उसने कहा कि पेमेंट कर दी है। इसके बाद वह फोन लेकर दुकान से चला गया। फिर कुछ देर बाद उसने अपने फोन पे अकाउंट की हिस्ट्री चैक की तो मुझे 19,800 रुपये की कोई ट्रांजक्शन एट्री नहीं मिली। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर लिया है।