नारनौल। सुभाष पार्क के नजदीक से गाड़ी छीनकर ले जाने के मामले में थाना शहर नारनौल की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरसुख की ढाणी निवासी हिमांशु और हसनपुर निवासी कप्तान उर्फ जंत्री के रूप में हुई।
पुलिस ने पूछताछ में पता लगाया कि गाड़ी के मालिक के साथ पैसे के लेन देन को लेकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पूछताछ में आरोपियों के पास से वारदात में छीनी हुई बलेनो गाड़ी और वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई बोलेरो गाड़ी को बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में पता लगा कि आरोपी कप्तान उर्फ जंत्री पर पहले भी लूट का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत चार मामले दर्ज है। आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मोहल्ला पीरआगा निवासी मोहित ने थाना शहर नारनौल में मंगलवार को गाड़ी छीनने की शिकायत दी थी। इसमें बताया कि वह अपने दोस्त रौनक की बलेनो गाड़ी लेकर अपनी बहन को मंगलवार सुबह बस स्टैंड नारनौल पर छोडने गया था। जब वह अपनी बहन को छोड़कर उसके दोस्त की गाड़ी वापस देने जा रहा था, उस समय सुभाष पार्क के पास एक बोलेरो गाड़ी अचानक उसकी गाड़ी के सामने आकर रुकी, जिसमे से तीन लड़के उतरकर आए और गाडी की खिड़की खोलकर शिकायतकर्ता को नीचे उतार दिया। इस दौरान आरोपियों ने गाड़ी की चाबी छीन ली और गाड़ी लेकर भाग गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि गाड़ी छीनकर ले जाने वाले लड़कों में दो को वह पहले से जानता है। पीड़ित ने दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ गाड़ी छीनने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी बरामद कर ली।