कनीना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगिहार में काकोरी के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या पूनम यादव ने की।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे उन आजादी के दीवानों और शहीदों के गुणों को अपनाएं। विद्यालय में अंग्रेजी प्रवक्ता मदन मोहन कौशिक ने काकोरी के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी वीरता और शौर्य के किस्से विद्यार्थियों को सुनाएं। उन्होंने क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां तथा पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की दोस्ती पर एक कविता का वाचन किया।
काकोरी ट्रेन एक्शन आजादी के इतिहास की बहुत बड़ी घटना थी जिसमें बेखौफ क्रांतिकारियों ने राम प्रसाद बिस्मिल और चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में क्रांतिकारियों के लिए हथियार खरीदने के लिए सरकारी खजाना लूट लिया था। पकड़े जाने पर आननफानन कुछ दिनों में ही चार बड़े क्रांतिकारियों को फांसी की सजा और दूसरे क्रांतिकारियों को आजीवन कारावास, काले पानी की सजा दे दी गई थी।
इस घटना के बाद अंग्रेजी सरकार की जड़े हिल गईं। अंत में भारत छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। विद्यालय की छात्रा नरगिस ने राम प्रसाद बिस्मिल के प्रसिद्ध गजल सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है का वाचन किया। प्रिंस नव्या, अर्चना, कल्पना, मुस्कान, साइना, साहिल तथा शारदा ने भी देशभक्ति पूर्ण कविताओं का वाचन किया। इस मौके पर अजय बंसल, राजेंद्र कटारिया, निशा जांगड़ा, वंदना जांगिड़, कैलाश देवी, धर्मेंद्र डीपीई, पूनम कुमारी, शशि कुमारी, मुख्य शिक्षक रतनलाल, सुरेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, चंद्रशेखर, प्रीतम मौजूद रहे।