महेंद्रगढ़। यादव धर्मशाला परिसर में सोमवार को भूतपूर्व सैनिक विकास संघ ने रेजांगला शौर्य दिवस के अवसर पर संघ के प्रधान सूबेदार रामस्वरूप यादव की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
संघ के उपाध्यक्ष कप्तान राजेंद्र सिंह खेड़ा ने बताया कि रेजांगला युद्ध पराक्रम के मानचित्र पर संघ के कार्यकारिणी सदस्यों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर दो मिनट मौन रखते हुए वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 13 कुमाऊं रेजिमेंट के सूबेदार मेजर दिलीप सिंह यादव ने कहा यह युद्ध विषम परिस्थितियों में लड़ा गया विश्व के बड़े युद्धों में इस युद्ध का नाम दर्ज है, आखरी गोली और आखिरी सांस तक लड़ा गया। यह युद्ध 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के वीर अहीरों की ओर से लड़ा गया था। ऐसे वीर रणबांकुरे को शत-शत नमन करते हैं।
बीजेपी के हरियाणा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष पवन खैरवाल ने कहा भूतपूर्व सैनिक विकास संघ महेंद्रगढ़ के सौजन्य से सेवानिवृत्त सैनिक जनसंपर्क अभियान जो संघ ने चला रखा है वह बहुत ही सराहनीय है। यादव सभा के प्रधान अधिवक्ता अभय राम यादव ने कहा रेजांगला शहीद स्मारक और अहीर रेजिमेंट की मांग को यादव सभा महेंद्रगढ़ पूर्ण समर्थन देती है और हम यादव सभा के माध्यम से कई बार केंद्रीय मंत्री, विधायक व उपायुक्त को ज्ञापन दे चुके हैं।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष कप्तान सुरेंद्र सिंह, कप्तान मामराज सिंह, लेफ्टिनेंट सज्जन सिंह, महासचिव सूबेदार ब्रह्मदेव आर्य, सूबेदार रतन सिंह, होशियार सिंह, नायक सूबेदार कृष्ण कुमार, रूपचंद, रघुवीर सिंह, हवलदार सत्यपाल सिंह, सह सचिव भागमल, शेर सिंह, पुष्कर दत, रामकिशन खेड़ा, नारायण सिंह, राज पाल, लाला राम सहित अनेक वीरांगनाएं व पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।