नारनौल। जयपुर-रेवाड़ी रेलखंड पर खैरथल-पड़ीसल और पड़ीसल-अलवर स्टेशनों के बीच समपार फाटकों पर आरयूबी लॉन्चिंग कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि भुज-बरेली एक्सप्रेस 9 मई को भुज से रवाना होकर फुलेरा-जयपुर-अलवर-रेवाड़ी मार्ग के बजाय फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन रींगस, नीमकाथाना, नारनौल और अटेली स्टेशनों पर ठहराव करेगी। वहीं 10 मई को बरेली से चलने वाली गाड़ी बरेली-भुज एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा होकर संचालित होगी और अटेली, नारनौल, नीमकाथाना व रींगस में रुकेगी।
इसके अलावा 10 मई को देहरादून से चलने वाली गाड़ी देहरादून-ओखा एक्सप्रेस नारनौल, नीमकाथाना और रींगस स्टेशनों पर ठहरेगी। वहीं 9 मई को पोरबंदर से रवाना होने वाली गाड़ी पोरबंदर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी और रींगस, नीमकाथाना व नारनौल में ठहराव करेगी।
विज्ञापन
रेलवे के अनुसार 10 मई को दिल्ली से चलने वाली गाड़ी दिल्ली-साबरमती एक्सप्रेस और चंडीगढ़ से रवाना होने वाली गाड़ी चंडीगढ़-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस भी रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा मार्ग से संचालित होंगी। इन ट्रेनों का ठहराव नारनौल, नीमकाथाना, रींगस और कुछ ट्रेनों का अटेली स्टेशन पर भी रहेगा।