नारनौल। दीपावली पर्व के बाद नारनौल के महाबीर चौक पर दिनभर भारी जाम के हालात बने रहे। इसकी वजह से ट्रैफिक पुलिस को जाम से निपटने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं इस जाम में एंबुलेंस गाड़ी भी रेंगती नजर आई। नारनौल के बस स्टैंड से लेकर हीरो होंडा चौक, महेंद्रगढ़ रोड, रेलवे रोड सहित शहर के मुख्य बाजार पुल बाजार, पार्क गली, मानक चौक, आजाद चौक, गांधी बाजार व मनिहारन गली में दिनभर वाहन रेंगते रहे। इसकी वजह से अनेक वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करते नजर आए।
महाबीर चौक पर लगी ट्रैफिक लाइट काफी दिनों से खराब पड़ी है, जिसकी वजह से भी हर समय जाम के हालात बने रहते हैं। नगर परिषद की तरफ से ट्रैफिक लाइटों को ठीक नहीं करवाया जा रहा है। पहले लोग दीपावली पर्व को लेकर खरीददारी करने में जुटे हुए थे, वहीं अब देवउठनी ग्यारस से जिले में शहनाई बजनी शुरू हो जाएगी। इसकी अभी से लोगों ने खरीददारी करनी शुरू कर दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी शहर में जाम के हालात बनने की संभावना है।